RO.NO. 01
खेल

BCCI का मास्टरस्ट्रोक! जिम्बाब्वे टूर और एशियन गेम्स के लिए वीवीएस लक्ष्मण बने टीम इंडिया के हेड कोच

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। नियमित हेड कोच गौतम गंभीर इस दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगे। उनकी जगह पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। बोर्ड ने यह फैसला भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए लिया है।

गौतम गंभीर फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ हैं। इस दौरे के समाप्त होते ही भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलनी है। लगातार विदेशी दौरों और व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए BCCI ने कार्यभार संतुलित करने के उद्देश्य से वीवीएस लक्ष्मण को जिम्बाब्वे दौरे की कमान सौंपी है। सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मण एशियन गेम्स 2026 में भी भारतीय टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे।

कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किए गए हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ऋषिकेश कनितकर को बल्लेबाजी कोच और पूर्व स्पिनर सुनील जोशी को गेंदबाजी कोच बनाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यही सपोर्ट स्टाफ बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज में भी टीम इंडिया के साथ नजर आ सकता है।

वीवीएस लक्ष्मण इससे पहले भी कई मौकों पर भारतीय टीम के अंतरिम हेड कोच की भूमिका निभा चुके हैं। युवा खिलाड़ियों के साथ उनके लंबे अनुभव और बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख होने के कारण बोर्ड ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान में होगा। इसी दौरान वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर होगी, जहां 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। दो अलग-अलग भारतीय टीमों के एक साथ मैदान में उतरने की वजह से गौतम गंभीर दोनों टीमों के साथ मौजूद नहीं रह पाएंगे। ऐसे में सीनियर टीम के साथ गंभीर रहेंगे, जबकि एशियन गेम्स में टीम इंडिया की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे।

गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे बड़े आईसीसी खिताब अपने नाम किए हैं। हालांकि हाल के मुकाबलों में टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है। ऐसे में जिम्बाब्वे दौरा और एशियन गेम्स 2026 युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button