RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन में शामिल होंगे अमित शाह, कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज

Ro no 03

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन समारोह आज नवा रायपुर अटल नगर में होगा। इस विशेष आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह अपने प्रवास के दौरान तीन प्रमुख आयोजनों में शिरकत करेंगे।

गृह मंत्री के कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:40 बजे रायपुर के पंडरी स्थित मंडी रोड से होगी। यहां वे आर्टेमिस शांति अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे नवा रायपुर के सेक्टर-16 पहुंचकर विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे। दिन का अंतिम कार्यक्रम शाम 5:30 बजे राज्योत्सव मैदान में आयोजित समापन समारोह होगा, जहां वे राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त होगी जारी

राज्योत्सव के समापन अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश की महिलाओं को एक और सौगात देंगे। वे छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जरूरतों में सहयोग करना है।

मुख्यमंत्री ने बताई प्रदेश की विकास यात्रा

इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 26 वर्षों के सफर में छत्तीसगढ़ ने प्रगति और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों ने प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

राज्योत्सव के समापन समारोह में अमित शाह की उपस्थिति और विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन के साथ प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह का समापन होगा।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button