CWG 2026: ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बरकरार, भारत 12 पदकों के साथ टॉप-10 में शामिल

नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के छठे दिन भारत ने दो रजत पदक अपने नाम किए, जबकि तीन मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
मेडल तालिका में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 34 स्वर्ण, 17 रजत और 27 कांस्य सहित कुल 78 पदक जीतकर पहला स्थान बनाए रखा है। कनाडा 13 स्वर्ण, 10 रजत और 12 कांस्य सहित 35 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं इंग्लैंड 10 स्वर्ण, 18 रजत और 15 कांस्य सहित कुल 43 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
मेजबान स्कॉटलैंड 7 स्वर्ण सहित 15 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि नाइजीरिया 6 स्वर्ण और कुल 11 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर काबिज है। भारत फिलहाल 2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 12 पदकों के साथ मेडल तालिका में नौवें स्थान पर है।
मंगलवार को महिला वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 101 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम वजन उठाया।
वहीं पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय निकालते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।
मुक्केबाजी में भी भारत को बड़ी सफलता मिली। प्रीति, प्रिया और जादुमणि सिंह ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही तीनों खिलाड़ियों ने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में भारत के पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।



