CG Rain Alert: आज बरसेंगे मेघ, मध्य और उत्तर क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार, कल से कम होगा मानसून का असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) सक्रिय है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 6 जुलाई तक प्रदेश में कुल 213 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 258.3 मिमी है। यानी अब तक राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ को फिलहाल सामान्य वर्षा श्रेणी में रखा गया है।
रायपुर में बारिश और तेज हवाओं के आसार
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।



