सऊदी अरब के एयरपोर्ट और तेल ठिकाने निशाने पर, हमले में भारतीय की मौत; अमेरिका अलर्ट

दम्माम/नई दिल्ली। सऊदी अरब में बुधवार देर रात हुए हमलों के बीच दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक भारतीय नागरिक और एक सऊदी नागरिक शामिल हैं। हमले में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी हैं। घटना की पुष्टि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन नियामक ने की है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सऊदी अधिकारियों से हमले में भारतीय नागरिक की मौत और दो भारतीयों के घायल होने की सूचना मिली है। दूतावास पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और घटना से जुड़ी अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। दूतावास ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
हमले में आठ लोग घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के अनुसार, हमले में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें एक सऊदी नागरिक, भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो निवासी तथा नेपाल का एक निवासी शामिल है। घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में उपचार दिया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित सुरक्षा एजेंसियां हमले से हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट पर हवाई यातायात सामान्य
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि एयरपोर्ट पर परिचालन फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले में भी मौतें
रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब की प्रमुख तेल कंपनी अरामको के एक तेल ठिकाने पर हुए ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हुई। इस घटना में एक भारतीय समेत दो लोग घायल भी हुए हैं।
लगातार हो रहे हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को उनके परिवारों के साथ सऊदी अरब छोड़ने के लिए कहा है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल, सऊदी अधिकारी हमलों की परिस्थितियों और नुकसान से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं। भारतीय दूतावास भी प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के संपर्क में है।



