धरती का श्रृंगार हैं वृक्ष, प्रत्येक व्यक्ति पौधरोपण का संकल्प ले : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने वन महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वृक्ष केवल धरती का श्रृंगार नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। वे मंगलवार को गुरु पूर्णिमा एवं अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने वन विभाग के ‘पौधा तुंहर दुवार’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण भी किया।
अरुण साव ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिक्षा के मंदिर में वृक्षारोपण होना अत्यंत प्रेरणादायी है। गुरु त्याग, समर्पण और ज्ञान के प्रतीक होते हैं, वहीं अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस हमें वन और वन्य जीवों के संरक्षण के महत्व की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मानव शरीर के सभी अंग आवश्यक हैं, उसी प्रकार पृथ्वी पर जीवन के संतुलन के लिए वृक्ष भी अनिवार्य हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि वन मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) मनोज पांडे ने कहा कि वर्ष 1950 से शुरू हुआ वन महोत्सव आज भी पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बना हुआ है।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, कुलपति डॉ. विरेन्द्र कुमार सारस्वत, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, वनमंडलाधिकारी नीरज कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



