RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मुख्य सचिव विकासशील ने नक्सल प्रभावित जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा की, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग की विशेष केंद्रीय सहायता (SCA) योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नक्सल प्रभावित बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा जिलों में आधारभूत संरचना विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण सहित विभिन्न स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा के कलेक्टरों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कलेक्टरों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने और कार्ययोजना के अनुरूप तेजी से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले में 28 सड़क निर्माण कार्य, नारायणपुर में 7 तथा सुकमा में 9 सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं कांकेर में 7 पुल निर्माण कार्य और सुकमा में 5 पुल निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष स्वीकृत परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय, गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं संबंधित जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button