बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, दो इलाकों में तीन माओवादी डंप बरामद; 136 BGL सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन माओवादी डंप बरामद किए हैं। इन डंप से कुल 136 BGL सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया आसूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में DRG, 208 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थानों की पहचान कर डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 नग BGL सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना गंगालूर क्षेत्र के FOB कुप्पागुड़ा के अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में की गई। यहां केरिपु 199/एफ, 204 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान दो माओवादी डंप का पता लगाया। इनसे 33 नग BGL सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान बरामद विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान के संबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की गई है।
संदिग्ध वस्तुओं की सूचना देने पुलिस की अपील
बीजापुर पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल उन्मूलन के साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार सर्च अभियान और डीमाइनिंग की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास के क्षेत्रों में कोई संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी वस्तुओं को छूने से बचें और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।



