RO.NO. 01
छत्तीसगढ़बड़ी खबर

बड़ी खबर: मंत्रालय कर्मचारियों को ले जा रही बस में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर से बुधवार शाम बड़ी खबर सामने आई, जहां मंत्रालय के कर्मचारियों को लेकर लौट रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम मंत्रालय में कर्मचारियों की छुट्टी के बाद बस क्रमांक 3073 कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही कर्मचारियों को तत्काल बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंत्रालय कर्मचारी संघ ने उठाए बस के मेंटेनेंस पर सवाल

घटना को लेकर मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने बताया कि कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लगी थी। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

संघ अध्यक्ष ने बसों के मेंटेनेंस को लेकर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, बसों के रखरखाव और मेंटेनेंस को लेकर कई बार रजिस्ट्रार शाखा के अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संघ की ओर से गुरुवार को मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। संघ ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आगे आंदोलन करने की बात भी कही है।

फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button