त्रिवेणी के जल से पशुपतिनाथ के प्रसाद तक, मोदी और बालेन्द्र शाह की मुलाकात बनी खास

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक रिश्तों की झलक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की मुलाकात के दौरान देखने को मिली। नई दिल्ली में आयोजित द्विपक्षीय वार्ता से पहले पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया। वहीं, बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद देकर सम्मानित किया। दोनों नेताओं के बीच उपहारों का यह आदान-प्रदान भारत और नेपाल के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बना।
राष्ट्रपति भवन में हुआ भव्य स्वागत
भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए गले लगाया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद बालेन्द्र शाह राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह द्विपक्षीय वार्ता के लिए हैदराबाद हाउस पहुंचे।
हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता
हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के बीच बैठक आयोजित की गई। इस दौरान व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करना तथा विकास से जुड़ी परियोजनाओं को गति देना है।
इस यात्रा के दौरान ‘समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत’ शीर्षक से संयुक्त विजन दस्तावेज जारी करने की भी योजना है। इसके जरिए दोनों देश दीर्घकालिक सहयोग और विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर सकते हैं।
अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू होगी साप्ताहिक ट्रेन सेवा
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना भी इस यात्रा का प्रमुख हिस्सा है। दोनों देशों के प्रधानमंत्री इस सेवा का उद्घाटन करेंगे।
प्रस्तावित ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
धार्मिक रिश्तों के साथ विकास पर भी जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह की मुलाकात में जहां धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को विशेष महत्व मिला, वहीं व्यापार, ऊर्जा, परिवहन और बुनियादी ढांचे से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
दोनों देशों के बीच प्रस्तावित नई परियोजनाएं और रेल संपर्क न केवल आवागमन को आसान बनाएंगे, बल्कि धार्मिक पर्यटन, व्यापार और आपसी संबंधों को भी नई दिशा दे सकते हैं।



