छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के कनहर पुल पर भीषण जाम, एक घंटे से ठप रहा आवागमन

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाले कनहर नदी पर बने अंतरराज्यीय पुल पर मंगलवार को लंबा जाम लग गया। पुल पर एक वाहन के अचानक खराब (ब्रेकडाउन) होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके चलते पुल से गुजरने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
वाहन खराब होने से लगा जाम
जानकारी के अनुसार, कनहर नदी पर बने इंटर स्टेट पुल के बीच एक वाहन अचानक खराब हो गया। वाहन के रास्ते में खड़े हो जाने से दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। देखते ही देखते छत्तीसगढ़ और झारखंड की ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं।

एम्बुलेंस और जरूरी वाहन भी फंसे
करीब एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगे रहने के कारण दोनों राज्यों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में एम्बुलेंस सहित कई जरूरी वाहन भी फंस गए, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रामानुजगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी खराब वाहन को पुल से हटवाने और यातायात बहाल करने में जुटे रहे। फिलहाल पुलिस की कोशिशों से जाम को नियंत्रित कर दोनों राज्यों के बीच आवागमन सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।



