छत्तीसगढ़ में छुट्टियों के कैलेंडर में फेरबदल! सरकार ने बदली त्योहार की तारीख, नया आदेश जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर महीने की छुट्टियों को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर 9 नवंबर को पहले से ही पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के कारण इस दिन निर्धारित स्थानीय अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। अब इसकी जगह 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित आदेश जारी किया है। विभाग की अधिसूचना के अनुसार, पहले 9 नवंबर 2026 (सोमवार) को गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। चूंकि इस तारीख पर पूरे राज्य में पहले से ही सार्वजनिक अवकाश निर्धारित है, इसलिए स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है।
20 नवंबर को रहेगा स्थानीय अवकाश
सरकार के नए आदेश के मुताबिक अब शुक्रवार, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर स्थानीय अवकाश दिया जाएगा। इस दिन तुलसी विवाह का पर्व भी मनाया जाएगा। आदेश के बाद नवंबर में सरकारी कर्मचारियों को स्थानीय अवकाश का लाभ नई निर्धारित तारीख पर मिलेगा।
बैंक और कोषालय को नहीं मिलेगा अवकाश का लाभ
सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि 20 नवंबर का स्थानीय अवकाश सभी संस्थानों पर लागू नहीं होगा। बैंक, कोषालय और उपकोषालय को इस अवकाश से अलग रखा गया है। इन संस्थानों में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
बस्तर जिले में भी बदली गई छुट्टी की तारीख
बस्तर जिले में भी स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी संशोधित आदेश के अनुसार, पहले निर्धारित 9 नवंबर के स्थानीय अवकाश की जगह अब 20 नवंबर को अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा जारी किया गया है।
गोवर्धन पूजा पर होती है विशेष पूजा-अर्चना
छत्तीसगढ़ में दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना करते हैं। कई स्थानों पर पशुधन की पूजा करने की भी परंपरा है। दूध, दही, घी और फल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव के बाद अब 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर छुट्टी मिलेगी। हालांकि, बैंक और कोषालय संबंधी काम कराने वाले लोगों को ध्यान रखना होगा कि इन संस्थानों में इस दिन अवकाश लागू नहीं रहेगा।



