छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की प्रतिभाओं और विभिन्न संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, शिक्षा, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को पहचान दी गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रतिभाओं का विशेष सम्मान हुआ।
प्रमुख राज्य अलंकरण और सम्मानित विभूतियां
- शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान: धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए।
- यति यतनलाल सम्मान: दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को अहिंसा एवं गोरक्षा के लिए।
- गुण्डाधूर सम्मान: कोरबा की संजू देवी को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए।
- मिनीमाता सम्मान: गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान (सुश्री लता नेताम) को महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए।
- गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान: कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को।
- ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार: बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट (धनसिंह बघेल) को।
- हबीब तनवीर सम्मान: रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को रंगकर्म के लिए।
- महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान: बालोद के टोमन कुमार को तीरंदाजी सहित खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए।
- पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान: बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को।
- पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान: रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को हिन्दी साहित्य के लिए।
- चक्रधर सम्मान: रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए।
- दाऊ मंदराजी सम्मान: रायपुर की रेखा जलक्षत्री को लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए।
- डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार: कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को कृषि के क्षेत्र में योगदान के लिए।
- महाराजा अग्रसेन सम्मान: रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को सामाजिक समरसता के लिए।
पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में सम्मान
- चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (हिन्दी प्रिंट मीडिया): रायपुर के प्रमोद कुमार साहू।
- चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया): रायपुर के बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से।
- मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (अंग्रेजी प्रिंट मीडिया): रायपुर के शिशिर रॉय चौधरी।
- राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार: रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल।
- लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार: दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकार को आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए।
- पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान: गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय।
- लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान: दुर्ग की साधना यादव को छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए।
चिकित्सा, समाजसेवा, सिनेमा और लोककला में भी सम्मान
- धन्वन्तरि सम्मान: धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के लिए।
- डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार: नवा रायपुर के श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल (सी. श्रीनिवास यंगम) को।
- किशोर साहू सम्मान: रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में योगदान के लिए।
- किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण: रायपुर के मोहन सुंदरानी को सिनेमा निर्देशन के लिए।
- डॉ. तीज़न बाई सम्मान: दुर्ग जिले के पाहंदा के चेतन लाल देवांगन को पंडवानी कला के लिए।
- देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार: रायपुर जिले के आरंग के सी.एल. रात्रे को।
- खुमान साव सम्मान: रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए।
- चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार: कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ को।
- संत रविदास सम्मान: बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को सामाजिक समरसता, साहित्य एवं काव्य के लिए।
- माता बहादुर कलारिन सम्मान: कांकेर की बुलबुल बैदया को महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए।
- बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान: कौस्तुभ शुक्ला (दिल्ली) और हेमन्त कुमार मिश्र (रायपुर) को संयुक्त रूप से विधि के क्षेत्र में योगदान के लिए।
इसके अलावा मत्स्य पालन के लिए बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार, श्रम के क्षेत्र में बलौदाबाजार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार, अपराध अनुसंधान के लिए रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान और प्रवासी भारतीयों के योगदान के लिए दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया गया।
राज्योत्सव के समापन समारोह में आयोजित राज्य अलंकरण सम्मान समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के योगदान को पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर बना। इन सम्मानों से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक समरसता और जनसेवा से जुड़ी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।



