RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

बारिश के बीच राहत की खबर: रायपुर-दुर्ग समेत कई जगह बरसेंगे बादल, महादेवघाट पुल से आवागमन शुरू

रायपुर, 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी पूरी तरह थमी नहीं हैं। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 12 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

तेज हवा वाले जिलों में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

महादेवघाट पुल से फिर शुरू हुआ आवागमन

लगातार बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। इसके चलते रायपुर के महादेवघाट पुल से आवागमन फिर शुरू कर दिया गया है। अमलेश्वर जाने वाला यह मार्ग पिछले दो दिनों से बंद था।

महादेवघाट में गणेश विसर्जन को देखते हुए फिलहाल केवल समितियों के सदस्यों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

नदी-नालों में हादसे, 3 लोगों की मौत

प्रदेश में लगातार बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों में अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में 12 लोगों के बहने की सूचना है, जिनमें 3 लोगों की मौत हो गई। कई स्थानों पर प्रशासन और राहत दलों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बस्तर और रायगढ़ समेत प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का असर देखने को मिला। कुछ स्थानों पर बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी, हालांकि अब कई क्षेत्रों में पानी का स्तर कम होने लगा है।

सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा बारिश

छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 30 सितंबर तक सामान्य औसत बारिश 1132.3 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि 26 सितंबर तक प्रदेश में 1190.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य औसत से करीब 5.16 फीसदी अधिक है।

तेज हवा और बारिश में सावधानी जरूरी

मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले मैदानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी बनाए रखें। अचानक बारिश या तेज हवाएं चलने पर वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button