उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के गौसेवकों एवं अधिकारियों की ली बैठक
गौधन की सुरक्षा, देखभाल एवं संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था बनाने के निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौधन की सुरक्षा, समुचित देखभाल, संरक्षण और संवर्धन को लेकर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक की। बैठक में गौधन के रखरखाव, उपचार, संरक्षण तथा दुर्घटना और आपात परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में गौधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, जो स्थानीय जरूरतों के अनुरूप हो। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। शर्मा ने क्रेन, जेसीबी मशीन और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
गुजरात की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने गुजरात में गौधन और पशुधन प्रबंधन के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कबीरधाम की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपयोगी व्यवस्थाओं को लागू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने गौसेवकों और गौ रक्षकों को गुजरात का भ्रमण कर वहां की पशुधन देखभाल एवं प्रबंधन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने की बात भी कही।
पर्याप्त दवाइयां और पशु चिकित्सकों की उपलब्धता पर जोर
शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को जिले में पर्याप्त दवाइयां और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत के अनुसार पशु चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि गौधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए प्रशासन के साथ समाज की सहभागिता भी जरूरी है। गौसेवकों, पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्थानीय जरूरतों के आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
बैठक में कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक और पशुपालक मौजूद रहे।



