RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 11 जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में मौसम ज्यादा प्रभावित हो सकता है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

तेज आंधी और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने और सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

बलरामपुर में जमकर बरसे बादल

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से बारिश का दौर जारी है। गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

चांदो में 150 मिलीमीटर और रामचंद्रपुर में 120 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से धान की फसल को फायदा मिलने की उम्मीद है, जबकि सब्जी उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।

शिवनाथ नदी का बढ़ा जलस्तर

दुर्ग जिले में भी लगातार बारिश का असर दिखाई दे रहा है। शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद महमरा एनिकट पर पानी की चादर चल रही है। जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग को एनिकट के 12 गेट खोलने पड़े हैं।

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी संभावित स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button