क्या आप भी रोज़ तोड़ लेते हैं बेलपत्र? पहले जान लें शास्त्रों में बताए गए नियम

धर्म डेस्क। सावन का पवित्र महीना 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। यह पूरा माह भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि सावन में शिवलिंग पर जलाभिषेक के साथ बेलपत्र अर्पित करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हालांकि, शास्त्रों में बेलपत्र तोड़ने और चढ़ाने के कुछ विशेष नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करना आवश्यक माना जाता है।
इन दिनों बेलपत्र तोड़ना माना जाता है वर्जित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ विशेष दिनों और तिथियों पर बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए।
- सोमवार: भगवान शिव का प्रिय दिन होने के बावजूद सोमवार को बेलपत्र तोड़ना वर्जित माना गया है। पूजा के लिए बेलपत्र एक दिन पहले यानी रविवार को ही तोड़कर रख लेना चाहिए।
- वर्जित तिथियां: चतुर्थी, अष्टमी, नवमी, चतुर्दशी और अमावस्या के दिन भी बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए।
- संक्रांति: संक्रांति के दिन भी बेलपत्र तोड़ने की मनाही बताई गई है।
- सूर्यास्त के बाद: शाम या सूर्यास्त के बाद बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए और इस समय बेल के पेड़ को स्पर्श करने से भी बचना चाहिए।
बेलपत्र तोड़ते समय रखें इन बातों का ध्यान
बेलपत्र तोड़ने से पहले भगवान शिव का स्मरण करें और बेल के वृक्ष को प्रणाम करें। पत्ते तोड़ते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पेड़ की टहनी या शाखा न टूटे। धार्मिक मान्यता के अनुसार पूरी टहनी तोड़ना उचित नहीं माना जाता। साथ ही, बेल के वृक्ष को काटना भी अशुभ माना गया है।
शिवलिंग पर कैसे चढ़ाएं बेलपत्र?
भगवान शिव की पूजा में तीन पत्तों वाला बेलपत्र सबसे शुभ माना जाता है। कटा-फटा या क्षतिग्रस्त बेलपत्र अर्पित नहीं करना चाहिए। शिवलिंग पर बेलपत्र हमेशा उल्टा चढ़ाया जाता है, यानी उसका चिकना भाग शिवलिंग की ओर होना चाहिए। पूजा में 3 से 11 बेलपत्र अर्पित करना शुभ माना गया है। यदि बेलपत्र कम हों, तो एक ही बेलपत्र को जल से शुद्ध कर पुनः अर्पित किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और लोक आस्थाओं पर आधारित है। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। श्रद्धालु अपनी आस्था और परंपराओं के अनुसार इसका पालन कर सकते हैं।



