RO.NO. 01
छत्तीसगढ़भाटापारा

पांच महीने, छह शिकायतें… फिर भी नहीं मिला जवाब, बेटे की संदिग्ध मौत पर न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार

भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्रा निवासी यशवंत साहू अपने 22 वर्षीय पुत्र रूपेश साहू की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की आस लगाए लगातार प्रशासन और पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पांच महीने बीत जाने के बाद भी न तो मामले का खुलासा हुआ और न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई, जिससे परिवार में भारी नाराजगी है।

परिजनों के अनुसार, रूपेश साहू 2–3 दिनों से लापता था। 17 मार्च 2026 को उसका शव घर के सामने स्थित कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की रिपोर्ट भाटापारा ग्रामीण थाना में दर्ज कराई गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि अब तक जांच में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी।

परिवार का कहना है कि उन्होंने न्याय की उम्मीद में एक-दो नहीं बल्कि छह बार लिखित शिकायत की। 21 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक, 28 अप्रैल को कलेक्टर जनदर्शन, 20 मई को सुशासन तिहार, 26 मई को कलेक्टर, 15 जून को पुनः कलेक्टर तथा 4 अगस्त 2026 को फिर से पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा। इसके बावजूद उन्हें किसी प्रकार की संतोषजनक कार्रवाई होती नजर नहीं आई।

जब सभी सरकारी दरवाजों पर दस्तक देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो परिजनों ने अपनी पीड़ा मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक

करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई। उनका कहना है कि यदि जांच सही दिशा में हुई होती तो अब तक सच्चाई सामने आ चुकी होती।

हालांकि, इस मामले में एसडीओपी तारेश साहू ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि शव मिलने वाले दिन से ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों द्वारा जिन-जिन व्यक्तियों और पहलुओं पर संदेह जताया गया, उन सभी बिंदुओं की जांच की गई, लेकिन अब तक कोई ऐसा तथ्य सामने नहीं आया जिससे किसी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की जांच अभी भी जारी है और मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि जांच लगातार जारी है, तो पांच महीने बाद भी परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच की स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं मिल सकी। यही वजह है कि परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग कर रहा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button