RO.NO. 01
देश

हर घर तिरंगा अभियान 2026: राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ लॉन्च, 15 अगस्त तक जीतें सर्टिफिकेट और लें भाग

नई दिल्ली। भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के तहत युवा कार्य विभाग ने माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर ‘भारत का राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ 2026’ लॉन्च किया है। यह ऑनलाइन क्विज़ 15 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और उससे जुड़े संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।

युवा कार्य विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष आयोजित राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस वर्ष भी इसका आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

20 प्रश्न, 10 मिनट का समय

राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) होंगे, जिन्हें प्रतिभागियों को 10 मिनट के भीतर हल करना होगा। यह क्विज़ भाषिणी तकनीक के माध्यम से सभी भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक पंजीकृत उपयोगकर्ता केवल एक बार इसमें भाग ले सकेगा। हर सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर कोई नकारात्मक अंक नहीं होगा।

इन विषयों पर होंगे सवाल

क्विज़ में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और विकास, तिरंगे से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के योगदान, भारतीय ध्वज संहिता-2002, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम-1971, संविधान तथा भारत के अन्य राष्ट्रीय प्रतीकों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

ई-प्रमाण पत्र और सीमावर्ती क्षेत्रों की यात्रा का मौका

क्विज़ पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं, 21 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र प्रतिभागियों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वालों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडम प्रक्रिया से किया जाएगा। चयनित युवाओं को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों या अन्य उपयुक्त स्थानों के भ्रमण का अवसर मिलेगा।

15 अगस्त तक कर सकते हैं भागीदारी

युवा कार्य विभाग ने देशभर के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस क्विज़ में भाग लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यह पहल डिजिटल शिक्षा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और युवाओं में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ 15 अगस्त 2026 तक माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button