CG Vyapam News: शुल्क वापसी से छूटे अभ्यर्थियों को मिला दूसरा मौका, नया लिंक हुआ जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam) ने उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनकी परीक्षा आवेदन शुल्क की राशि तकनीकी कारणों से अब तक वापस नहीं हो सकी थी। मंडल ने ऐसे उम्मीदवारों के प्रोफाइल में एक नया लिंक उपलब्ध कराया है, जिसके माध्यम से वे अपने सही बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर शुल्क रिफंड प्राप्त कर सकेंगे।
मंडल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से प्राप्त किया जाता है और उसी प्रक्रिया के जरिए वापस भी किया जाता है। हालांकि, कई मामलों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की समय-सीमा समाप्त होने या अन्य तकनीकी कारणों से रिफंड की राशि संबंधित अभ्यर्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं हो सकी।
इसी समस्या के समाधान के लिए अब अभ्यर्थियों के प्रोफाइल में बैंक खाता विवरण अपडेट करने का विकल्प दिया गया है। जिन उम्मीदवारों की शुल्क वापसी लंबित है, वे अपने प्रोफाइल में उपलब्ध लिंक पर जाकर सही बैंक विवरण दर्ज करें। जानकारी सत्यापित होने के बाद मंडल संबंधित बैंक खाते में रिफंड की राशि भेजेगा।
परीक्षा में शामिल होने वालों को ही मिलेगा रिफंड
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी वे अभ्यर्थी जिन्होंने परीक्षा में भाग लिया है, उन्हें आवेदन शुल्क वापस किया जाता है। वहीं, परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवार इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे।
साइबर कैफे से आवेदन करने वाले रखें विशेष ध्यान
CG Vyapam ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि यदि आवेदन किसी साइबर कैफे के माध्यम से किया गया था और फीस का भुगतान कैफे संचालक के बैंक खाते से हुआ था, तो रिफंड की राशि भी उसी खाते में जाएगी। इसलिए बैंक विवरण अपडेट करते समय सही खाते की जानकारी दर्ज करना बेहद जरूरी है, ताकि रिफंड की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।



