
भाटापारा। सनातन धर्म के सार्वभौम धर्मगुरु, गोवर्धन मठ पुरीपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य भगवान स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती जी के 84वें प्राकट्य महोत्सव को “राष्ट्रोत्कर्ष दिवस” के रूप में मनाए जाने हेतु रविवार को बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आषाढ़ कृष्ण त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित हुई, जिसमें 11 एवं 12 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में उपस्थित आदित्य वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य गुरुदेव का प्राकट्य महोत्सव प्रति वर्ष “राष्ट्रोत्कर्ष दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष भी उनके सान्निध्य में दिल्ली विश्वविद्यालय में देश-विदेश से पधारे गणमान्य जनों की उपस्थिति में यह भव्य आयोजन संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन धर्म, राष्ट्र और शास्त्र की सेवा को समर्पित किया है तथा वे आज भी वर्ष में 250 से अधिक दिनों तक देश के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर हिन्दू राष्ट्र सभा के माध्यम से समाज को जागृत कर रहे हैं। कुछ वर्ष पूर्व भाटापारा को भी यह सौभाग्य प्राप्त हुआ था, जब उनका 80वां प्राकट्य महोत्सव उनकी उपस्थिति में यहां आयोजित किया गया था।
11 जुलाई को होगा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
रामनाम सप्ताह मंडप में 11 जुलाई को शाम 7 बजे से हनुमान चालीसा समिति द्वारा पूज्य गुरुदेव के प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह समिति का 501वां सामूहिक चालीसा पाठ होगा।
12 जुलाई को रुद्राभिषेक एवं प्रसादी वितरण
कार्यक्रम के दूसरे दिन 12 जुलाई को सुबह 10 बजे से पूज्य गुरुदेव के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के साथ रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से रामनाम सप्ताह मंडप में प्रसादी वितरण किया जाएगा।
धर्म संघ पीठपरिषद, आदित्य वाहिनी एवं आनंद वाहिनी के सदस्यों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, धार्मिक संस्थाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर “राष्ट्रोत्कर्ष दिवस” को सफल बनाएं।
बैठक में पीठपरिषद अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, नरेश चौबे, रवि गुप्ता, गिरधर गोपाल शर्मा, गौरीशंकर शर्मा, मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, रामजी जोशी, गौरव बावला (आदित्य वाहिनी अध्यक्ष), शिवांश बावला, शिवम गुप्ता सहित अन्य धर्मप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



