डिजिटल सुरक्षा पर केंद्र का वार, ई-रिक्शा चलाने वाले चीनी ऐप्स होंगे ब्लॉक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा को दूर से नियंत्रित करने वाले दो चीनी मोबाइल ऐप्स के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कहा कि साइबर सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरे को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
आईटी सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जैसे ही सरकार को इन संदिग्ध ऐप्स की जानकारी मिली, उन्हें तुरंत ऐप स्टोर से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि ऐप स्टोर संचालकों को ऐसे मामलों में अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है और सरकार इस मुद्दे को उनके साथ गंभीरता से उठाएगी ताकि भविष्य में इस तरह के खतरनाक ऐप्स उपलब्ध न हो सकें।
सीआईआई साइबर सिक्योरिटी समिट के दौरान एस. कृष्णन ने कहा, “हमें गुरुवार को इन ऐप्स के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ऐप्स को ऐप स्टोर से हटवा दिया गया।”
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ‘BAT-BMS’ नाम के चीनी मोबाइल ऐप के जरिए दिल्ली में कुछ ई-रिक्शा को रिमोट शटडाउन फीचर के माध्यम से दूर से बंद किया जा सकता है। घटना से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट आधारित व्हीकल मैनेजमेंट सिस्टम की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे।
सरकार का कहना है कि डिजिटल सुरक्षा और नागरिकों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित ऐप्स के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है। अब सरकार ऐसे मामलों की निगरानी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऐप्स की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठा रही है।



