RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

UN में भारत का पाकिस्तान को करारा जवाब, कहा- जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक बैठक में जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने पर भारत ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथनेनी हरीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है, जो हमेशा भारत का ही रहेगा। उन्होंने इसे पूरी तरह भारत का आंतरिक मामला बताते हुए किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को अस्वीकार्य करार दिया।

UNSC की ‘अरिया-फॉर्मूला’ बैठक के दौरान बोलते हुए हरीश ने पाकिस्तान के प्रतिनिधि के साथ-साथ बैठक के सह-अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस मंच से निष्पक्षता की अपेक्षा की जाती है, उसका राजनीतिकरण किया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा, “समय की सीमाओं को देखते हुए मैं केवल इतना स्पष्ट करना चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर पूरी तरह भारत का आंतरिक मामला है और इसमें किसी भी प्रकार का बाहरी हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है।”

बैठक के बाद हरीश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने सह-अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए निष्पक्षता का पालन नहीं किया और भारतीय क्षेत्र जम्मू-कश्मीर को लेकर अनावश्यक टिप्पणियां कीं।

इस बीच, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने सिंधु जल संधि को लेकर युद्ध जैसी स्थिति की चेतावनी दी थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान के इस प्रकार के बयान उसकी आंतरिक चुनौतियों, विफलताओं और मानवाधिकार संबंधी मुद्दों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान के इन निराधार और भ्रामक दावों को पूरी तरह खारिज करता है।

भारत ने एक बार फिर दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को लेकर उसका रुख पूरी तरह स्पष्ट और स्थिर है तथा यह विषय देश का आंतरिक मामला है, जिस पर किसी बाहरी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button