RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

अलास्का में चार्टर विमान हादसे से मचा हड़कंप, पायलट समेत 8 लोगों की मौत

एंकोरेज। अमेरिका के अलास्का में एक चार्टर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से हड़कंप मच गया है। एंकोरेज से उड़ान भरने वाला विमान केप नेवेनहैम के पास अचानक रडार से गायब हो गया। विमान में चालक दल के दो सदस्यों समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी के शव या मलबे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दो पायलट और छह यात्री थे सवार

जानकारी के मुताबिक, विमान ने अलास्का के एंकोरेज से उड़ान भरी थी। केप नेवेनहैम के पास पहुंचने के बाद अचानक विमान का संपर्क टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर ने बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। अलास्का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के अध्यक्ष क्लिंट जॉनसन के अनुसार, विमान में दो पायलट और छह यात्री सवार थे। राहत एवं बचाव दल दुर्गम इलाके में विमान और उसमें सवार लोगों की तलाश कर रहा है। जांच एजेंसियां हादसे की वजह का पता लगाने में भी जुटी हैं।

ब्रिटेन में भी हुआ था विमान हादसा

अलास्का की घटना से महज दो दिन पहले ब्रिटेन में भी एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई थी। नॉर्थ वेल्स के एक दुर्गम इलाके में हुए इस हादसे में भारतीय मूल के दंपति केतन स्वाली और उनकी पत्नी शीतल की जान चली गई थी। बताया गया कि केतन स्वाली खुद पाइपर पीए-28 विमान उड़ा रहे थे। विमान ने इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स स्थित टैटनहिल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसे स्नोडोनिया के कार्नरफोन एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर वहां नहीं पहुंच सका।

जंगल में मिला था विमान का मलबा

विमान के लापता होने की सूचना मिलने के बाद ब्रिटेन में कई एजेंसियों ने मिलकर हवाई और जमीनी तलाशी अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद विमान का मलबा ट्रॉसफिनिड के पास एक दुर्गम जंगली इलाके में मिला। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों लोगों को मृत पाया। इस घटना की जांच एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच कर रही है। वहीं, अलास्का में हुए ताजा हादसे में भी जांच एजेंसियां विमान के लापता होने और संभावित दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button