ममता बनर्जी को बड़ा झटका? TMC के 19 सांसदों के बागी तेवर चर्चा में

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर कथित राजनीतिक असंतोष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पार्टी के 19 सांसदों ने अलग गुट बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपने नामों की सूची लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय को भेजी है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से अलग गुट को मान्यता देने की मांग की है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, दल-बदल कानून के तहत किसी भी विभाजन को वैध ठहराने के लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक माना जाता है और 19 सांसदों का आंकड़ा इस शर्त को पूरा करने वाला बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सूची में काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, बापी हलदर, डॉ. शर्मिला सरकार, प्रसून बंद्योपाध्याय, जगदीश बर्मा बसुनिया, असित कुमार मल, अरूप चक्रवर्ती, रचना बनर्जी, सायोनी घोष, खलीलुर्रहमान, अबू ताहिर खान, यूसुफ पठान, मिताली बैग, माला रॉय, कालीपद सोरेन, दीपक अधिकारी, जून मालिया और पार्थ भौमिक के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
इनमें यूसुफ पठान, सायोनी घोष और शताब्दी रॉय जैसे चर्चित चेहरे भी शामिल हैं, जिन्हें पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिना जाता है। यदि यह राजनीतिक घटनाक्रम आगे बढ़ता है तो इसका असर संसद में तृणमूल कांग्रेस की ताकत और पश्चिम बंगाल की राजनीति पर पड़ सकता है।
फिलहाल सभी की निगाहें लोकसभा अध्यक्ष के संभावित फैसले और बागी खेमे की आगामी रणनीति पर टिकी हुई हैं। वहीं, पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।



