बलरामपुर में अवैध गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, गांजे से भरा ट्रक जब्त

बलरामपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह गांजा उड़ीसा से लाया जा रहा था और इसे उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी थी।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल जब्त किए गए गांजे का वजन किया जा रहा है, जिसके बाद ही इसकी वास्तविक मात्रा का खुलासा हो सकेगा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तस्कर गांजे की खेप को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश पहुंचाने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। गांजे की कुल मात्रा और इसकी अनुमानित कीमत का खुलासा वजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।



