बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, शेख हसीना की पार्टी के 30 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल; घरों-दुकानों में तोड़फोड़

ढाका। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के समर्थकों पर हमला किए जाने की खबर है। इस घटना में 30 से अधिक कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हिंसा के दौरान कई घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गोपालगंज जिले के कोटालीपाड़ा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि आवामी लीग के समर्थक शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों पर देसी बम फेंके गए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और हिंसा भड़क उठी। हमले में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
बांग्लादेश में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश लौटने की घोषणा की है। उनके इस ऐलान के बाद आवामी लीग के समर्थकों की गतिविधियां तेज होने की चर्चा है। पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों में उनके समर्थन में रैलियां और राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में आवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद पार्टी समर्थकों की सक्रियता से देश का राजनीतिक माहौल और संवेदनशील होता दिखाई दे रहा है।
नाहिद इस्लाम के बयान से भी बढ़ी सरगर्मी
इसी बीच नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम का बयान भी चर्चा में है। सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद उन्होंने कथित तौर पर भारत के खिलाफ टिप्पणी करते हुए ‘भारतीय वर्चस्व’ का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक एकजुटता की अपील की।
उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। शेख हसीना की वापसी की घोषणा और आवामी लीग के समर्थकों की सक्रियता के बीच विभिन्न राजनीतिक गुटों के बीच टकराव की आशंका भी बढ़ गई है।
आवामी लीग के नेटवर्क पर कार्रवाई, सैकड़ों लोगों की हिरासत की खबर
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद आवामी लीग के समर्थकों की गतिविधियां जारी हैं। हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस सिलसिले में सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, रविवार को गाजीपुर के टोंगी इलाके से आवामी लीग की पूर्व छात्र नेता तानिया अख्तर तपोशी को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर है।
फिलहाल गोपालगंज में हुए ताजा हमले के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। शेख हसीना की संभावित वापसी, आवामी लीग के समर्थकों की सक्रियता और राजनीतिक दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी के चलते आने वाले दिनों में देश की स्थिति पर सबकी नजर बनी रहेगी।



