
भाटापारा। विष्णुदेव साय ने भाटापारा के ग्राम करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में जिला प्रशासन द्वारा विकसित “हम होंगे कामयाब 2.0” वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से पोर्टल पर पंजीयन कर इसका लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल जिला प्रशासन की अनुकरणीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।
पोर्टल पर अब तक 468 युवाओं का पंजीयन हो चुका है, जबकि 513 रिक्तियां और 21 ट्रेड उपलब्ध हैं। इसमें सीमेंट प्लांट समेत विभिन्न संस्थानों की नौकरियां शामिल हैं। पोर्टल के जरिए युवा बिना किसी एजेंट और कागजी प्रक्रिया के सीधे आवेदन कर सकेंगे। साथ ही अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क करियर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री महामाया मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपरा की सराहना भी की।

पीएम आवास हितग्राही के घर पहुंचे मुख्यमंत्री
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही राजकुमारी के गृहप्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए गणेश प्रतिमा भेंट की। इस दौरान “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
स्वास्थ्य शिविर में हितग्राहियों को पहनाया चश्मा
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों और स्कूली बच्चों को अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया। हितग्राहियों ने इसे बड़ी राहत बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
महतारी वंदन योजना की महिलाओं ने की सराहना
समाधान शिविर में महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाले लाभ साझा किए। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली सहायता राशि से बच्चों की पढ़ाई और भविष्य सुरक्षित करने में मदद मिल रही है तथा इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
इस अवसर पर टंकराम वर्मा, आकांक्षा जायसवाल, शिवरतन शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



