बलरामपुर में ठगी का बड़ा खुलासा, सब्सिडी के नाम पर 5.50 लाख की धोखाधड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। खेत किनारे नहर निर्माण कराने के लिए सरकारी सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को अधिकारी और मैनेजर बताकर ग्रामीण से 5 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को खेत किनारे जेसीबी मशीन से खुदाई कर नहर निर्माण कराने और उस पर सरकारी सब्सिडी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी बहाने आरोपियों ने चरणबद्ध तरीके से रकम ऐंठ ली। घटना 8 और 9 अप्रैल के बीच की बताई जा रही है।
पीड़ित की शिकायत के बाद बरियो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रामीणों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



