RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

ईरान युद्ध पर ट्रंप का बड़ा संकेत, बोले- जंग खत्म हुई तो तेल के दाम गिरेंगे

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद हालात बदल सकते हैं और संघर्ष समाप्त होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आ सकती है।

आयरलैंड में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान युद्ध को अमेरिकी मध्यावधि चुनाव तक खींचने की कोशिश कर रहा है, ताकि चुनाव के दौरान अमेरिका के लिए मुश्किलें पैदा की जा सकें। ट्रंप के मुताबिक, चुनाव के बाद परिस्थितियों में बदलाव संभव है और युद्ध समाप्त होने पर तेल की कीमतें तेजी से नीचे आ सकती हैं।

ईरान ने कहा- युद्ध नहीं चाहता

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका को पश्चिम एशिया से दूर रहने का संदेश दिया है। नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया को अमेरिका के किसी ‘क्षेत्रीय पुलिसकर्मी’ की जरूरत नहीं है।

पेजेश्कियन ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा की जिम्मेदारी क्षेत्र के देशों और प्रमुख क्षेत्रीय शक्तियों की होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ईरान युद्ध नहीं चाहता और शांति उसकी प्राथमिकता है।

होर्मुज की नाकाबंदी से बढ़ी तेल संकट की चिंता

अमेरिका-ईरान संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ा है। ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी के बाद तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।

100 डॉलर के पार पहुंचा कच्चा तेल

संघर्ष के बीच इस सप्ताह कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इससे भारत सहित तेल आयात पर निर्भर देशों की चिंता बढ़ी है। जून में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई थी, लेकिन यह लंबे समय तक कायम नहीं रह सकी। इसके बाद बातचीत के स्तर पर भी कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई।

हालांकि संघर्ष की तीव्रता में कुछ कमी आने के संकेत हैं, लेकिन युद्ध पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में अब निगाहें अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने तथा स्थायी समाधान की दिशा में होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी हैं।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button