RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में 6 माओवादी ढेर

बीजापुर |  बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र अंतर्गत थाना भोपालपटनम एवं थाना फरसेगढ़ के सरहदी जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 04 महिला माओवादी सहित कुल 06 माओवादी ढेर कर दिए गए। मुठभेड़ स्थल से स्वचलित हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी साहित्य बरामद किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेंडजा एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA-202, 206, 210 एवं CRPF 214 की संयुक्त टीम ने 17 जनवरी 2026 को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से 18 जनवरी की शाम तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।

27 लाख के इनामी माओवादी ढेर

मुठभेड़ में नेशनल पार्क एरिया कमेटी इंचार्ज DVCM दिलीप बेंडजा (08 लाख इनामी) सहित कुल 06 माओवादी कैडरों के शव बरामद हुए। मारे गए सभी माओवादियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

मारे गए माओवादियों की प्रारंभिक शिनाख्त इस प्रकार है—

  1. DVCM दिलीप बेंडजा – इनाम 08 लाख
  2. ACM माड़वी कोसा – इनाम 05 लाख
  3. ACM पालो पोड़ियम – इनाम 05 लाख
  4. ACM लक्खी मड़काम – इनाम 05 लाख
  5. PM जुगलो बंजाम – इनाम 02 लाख
  6. PM राधा मेटटा – इनाम 02 लाख

DVCM दिलीप बेंडजा के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में 135 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था।

हथियार और विस्फोटक बरामद

मुठभेड़ स्थल से—

  • 02 नग AK-47 राइफल
  • 01 नग 5.56 INSAS राइफल
  • 02 नग .303 राइफल
  • 01 नग कार्बाइन
  • BGL लॉन्चर, BGL सेल, कारतूस, वायरलेस सेट, स्कैनर, हैंड ग्रेनेड, नकद राशि, माओवादी वर्दी, मेडिकल सामग्री एवं साहित्य
    बरामद किया गया है।

अधिकारियों ने दी जानकारी

आज 19 जनवरी 2026 को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, DIG ऑप्स बी.एस. नेगी, कमांडेंट CoBRA-202 अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान की जानकारी दी।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय सहयोग से बस्तर क्षेत्र में माओवादी प्रभाव लगभग समाप्ति की ओर है। उन्होंने शेष बचे माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की।

अभियान के दौरान दो जवान घायल

अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू एवं वनभैंसा के हमले में CoBRA 206 एवं STF के दो प्रधान आरक्षक घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु हायर सेंटर भेजा गया। दोनों जवानों की स्थिति स्थिर बताई गई है।

नक्सल विरोधी अभियान के आंकड़े

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि—

  • वर्ष 2025 में 163 माओवादी ढेर
  • वर्ष 2026 में अब तक 08 माओवादी ढेर
  • जनवरी 2024 से अब तक
    • 229 माओवादी मारे गए
    • 1126 गिरफ्तार
    • 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया

यह मुठभेड़ बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान की एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button