विश्व जूनियर स्क्वैश में भारत का शानदार प्रदर्शन, केंद्रीय खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर महिला सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली अनाहत सिंह और जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले आर्यवीर दीवान, युशा नफीस और गुरवीर सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए बधाई दी गई।
अनाहत ने रचा इतिहास
18 वर्षीय अनाहत सिंह ने कनाडा में आयोजित वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 में महिला सिंगल्स का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। यह चैंपियनशिप में उनकी पांचवीं भागीदारी थी और विश्व जूनियर स्तर पर उनका दूसरा पदक रहा। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 में काहिरा में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था।
फाइनल में मिस्र की खिलाड़ी को 3-0 से हराया
अनाहत ने फाइनल मुकाबले में मिस्र की रुकैया सलेम को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर विश्व खिताब अपने नाम किया। उनकी इस शानदार जीत ने भारतीय स्क्वैश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
एशियन गेम्स और ओलंपिक पर रखें नजर : मांडविया
सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि यह सफलता उनके करियर की मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने खिलाड़ियों को एशियन गेम्स-2026 और लॉस एंजिल्स ओलंपिक-2028 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए अभी से तैयारी करने का संदेश दिया।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी अनाहत
मांडविया ने कहा कि अनाहत सिंह की ऐतिहासिक जीत देशभर के लाखों युवाओं को स्क्वैश अपनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी। सम्मान समारोह के दौरान अनाहत ने केंद्रीय मंत्री को अपना ऑटोग्राफ किया हुआ स्क्वैश रैकेट और स्क्वैश बॉल भेंट की। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने केंद्रीय मंत्री के साथ सेल्फी भी ली और अनौपचारिक बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि स्क्वैश पहली बार लॉस एंजिल्स ओलंपिक-2028 का हिस्सा बनने जा रहा है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों की यह सफलता देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है और इससे भविष्य में इस खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ने की उम्मीद है।



