दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा, टक्कर के बाद मची भगदड़

नई दिल्ली: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार दोपहर एक विमान से जुड़ी घटना सामने आई, जब टैक्सी करते समय एक एयरलाइन का विमान दूसरे खड़े विमान से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, लेह से आया स्पाइसजेट का विमान रनवे से गेट की ओर बढ़ रहा था, तभी उसकी भिड़ंत अकासा एयर के उस विमान से हो गई, जो हैदराबाद के लिए रवाना होने की तैयारी में खड़ा था। टक्कर के कारण दोनों विमानों को हल्का नुकसान पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पाइसजेट विमान के पंख के बाहरी हिस्से को नुकसान हुआ, जबकि अकासा एयर के विमान के पिछले हिस्से में क्षति दर्ज की गई है। घटना के बाद अकासा एयर की फ्लाइट को तत्काल पार्किंग एरिया में वापस ले जाया गया।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है। साथ ही यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
इस घटना की सूचना विमानन प्राधिकरण को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कारणों का पता लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हवाई अड्डों पर इस तरह की घटनाओं के मामले सामने आए हैं, हालांकि अधिकतर मामलों में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।



