RO.NO. 01
देश

एलवीएम3-एम6 की ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्रियों की बधाई, इसरो ने रचा नया कीर्तिमान

Ro no 03

नई दिल्ली :  भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को एलवीएम3-एम6 मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। इस मिशन के तहत ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लो अर्थ ऑर्बिट में स्थापित किया गया। इस उपलब्धि के बाद देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इसरो को बधाई देते हुए इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सफलता को भारत की बढ़ती अंतरिक्ष शक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि एलवीएम3-एम6 का सफल प्रक्षेपण न केवल वैज्ञानिक क्षमता का प्रमाण है, बल्कि यह वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत होती पहचान को भी दर्शाता है। उन्होंने इसरो की टीम को इस ऐतिहासिक मिशन के लिए शुभकामनाएं दीं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि 6 टन से अधिक वजनी ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 कम्युनिकेशन सैटेलाइट का सफल प्रक्षेपण भारत की उन्नत लॉन्च क्षमताओं और स्वदेशी तकनीक की मजबूती को दिखाता है। यह मिशन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि एलवीएम3-एम6 मिशन ने एक बार फिर दुनिया के सामने भारत की वैज्ञानिक दक्षता और आत्मविश्वास को उजागर किया है। उन्होंने इसरो की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि भारत तेजी से अंतरिक्ष महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को भारत के अंतरिक्ष इतिहास का सुनहरा अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, तकनीकी उत्कृष्टता और समर्पण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की विश्वसनीयता लगातार मजबूत हो रही है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी इसरो को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एलवीएम3-एम6 के माध्यम से अब तक के सबसे भारी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण भारत की प्रक्षेपण क्षमता और वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में उसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के योगदान को नमन किया।

एलवीएम3-एम6 की इस सफलता के साथ भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों की कतार में मजबूती से खड़ा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button