पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, पांचवें कोच तक फैला धुआं; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

पंजाब। पंजाब के राजपुरा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन के डिब्बों से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल ट्रेन को रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना पटियाला जिले में राजपुरा के नजदीक सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के आसपास हुई। शुरुआती जानकारी में ट्रेन के इंजन से लेकर पांचवें कोच तक धुआं दिखाई देने की बात सामने आई है। धुआं उठता देख यात्रियों ने घबराहट में ट्रेन से बाहर निकलने की कोशिश की।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। GRP अधिकारी गुरप्रीत सिंह के अनुसार, एक कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
रेलवे और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बदला गया था कर्मभूमि एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर
घटना में शामिल कर्मभूमि एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 12508 बताया गया है। यह ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है। उत्तर रेलवे ने अगस्त 2026 में इस ट्रेन का नंबर बदलने का फैसला किया था। 14 अगस्त 2026 से इसका नया नंबर 12508 लागू हुआ, जबकि पहले यह ट्रेन 12408 नंबर से संचालित होती थी। वापसी में न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ट्रेन का नंबर 12507 निर्धारित किया गया है।
रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन की वर्तमान स्थिति और परिचालन संबंधी जानकारी के लिए NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।



