RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

जान पर बनी थी, फिर भी नहीं डिगे कैप्टन मछार; घायल हालत में खोला कॉकपिट का दरवाजा

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार ने अपना धैर्य नहीं खोया और ऐसी सूझबूझ दिखाई, जिसने विमान में सवार लोगों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई।

हमले के दौरान कैप्टन मछार घायल हो गए थे और काफी खून भी बह रहा था। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट के दरवाजे का इमरजेंसी रिलीज मैकेनिज्म सक्रिय किया और आपातकालीन सिग्नल भेजने में कामयाब रहे। उन्होंने कॉकपिट के अंदर मौजूद स्थिति को संभालते हुए दरवाजा खोलने का रास्ता भी निकाला, जिसके बाद अन्य पायलट और चालक दल के सदस्य अंदर पहुंच सके और हमलावर को काबू में किया जा सका।

को-पायलट की तरफ था दरवाजा खोलने का मैकेनिज्म

स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने बताया कि विमान के कॉकपिट का दरवाजा सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाहर से दिए गए कोड से सीधे नहीं खुलता। इसे अंदर से पायलट को अनलॉक करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि इस विमान में दरवाजा खोलने का मैकेनिज्म को-पायलट की तरफ था। हमले के दौरान को-पायलट ही कैप्टन मछार पर हमला कर रहा था। इसके बावजूद कैप्टन ने किसी तरह हाथ बढ़ाकर दरवाजा अनलॉक करने का तरीका खोज लिया।

घायल होने के बावजूद संभाला विमान

अजय सिंह के मुताबिक, हमलावर का सामना करना, कॉकपिट का दरवाजा खोलना और मुश्किल स्थिति में विमान को नियंत्रण में रखना बेहद चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कैप्टन स्मित मछार के साहस की सराहना करते हुए इसे देश के लिए गर्व का विषय बताया।

उन्होंने कहा कि पायलट की सबसे बड़ी जिम्मेदारी विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होती है और कैप्टन मछार ने संकट की घड़ी में इसी जिम्मेदारी को निभाया।

पहले स्पाइसजेट में कर चुके हैं काम

कैप्टन स्मित मछार फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले स्पाइसजेट के साथ काम कर चुके हैं। घटना के बाद उनके साहस और सूझबूझ की चर्चा हो रही है। गंभीर हमले के बावजूद उन्होंने जिस तरह कॉकपिट की सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय किया और विमान को सुरक्षित रखने में योगदान दिया, उसे विमानन क्षेत्र से जुड़े लोग महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button