डिप्टी सीएम अरुण साव ने 1500 बाल विवेकानंदों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, बना विश्व रिकॉर्ड

बिलासपुर। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बिलासपुर में ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में पुलिस ग्राउंड में आयोजित स्वामी विवेकानंद चेतना महोत्सव के दौरान 1500 स्कूली बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में सामूहिक वंदे मातरम् का गायन किया और नशामुक्ति की शपथ लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
इस उपलब्धि पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने प्रमाण पत्र जारी कर रिकॉर्ड की घोषणा की। कार्यक्रम स्थल पर 5625 फीट लंबी स्वामी विवेकानंद की रंगोली भी बनाई गई, जो विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली बताई जा रही है।

अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मसंयम, आत्मनियंत्रण और आत्मअनुशासन से ही महान व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूक होकर भारत की संस्कृति और अध्यात्म को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर 1500 बाल विवेकानंदों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



