RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

बलरामपुर में भीषण वनाग्नि, डेढ़ से दो किलोमीटर तक जंगल जलकर खाक

वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के कोटराही हाड़ी नदी स्थित बॉस प्लांट में लगी आग, वन विभाग की लापरवाही उजागर

बलरामपुर। वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के कोटराही हाड़ी नदी स्थित बॉस प्लांट में मंगलवार को भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक जंगल का हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटों और धुएं के बीच जंगल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना के दौरान आग के ऊपर और आसपास बड़ी संख्या में परिंदे लगातार मंडराते नजर आए। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उनका बसेरा आग में जल रहा हो। इस दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

आग बुझाने के लिए अग्नि रक्षक सीमित संसाधनों के सहारे लगातार मशक्कत करते रहे। हालांकि ब्लोवर मशीन में पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण स्थिति और बिगड़ गई, जिससे आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतें आईं। संसाधनों की कमी के चलते अग्नि रक्षक बेबस नजर आए।

वहीं घटना के दौरान वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके से नदारद रहे, जिससे विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समय रहते पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन लगातार फैलती आग से वन्यजीवों और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button