रायपुर -संविधान ही देश की ताकत, संविधान ही हमारी पहचान

रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
रायपुर / गरियाबंद
26 नवंबर… ये तारीख हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व की तारीख है। इसी दिन देश को उसका संविधान मिला था। आज पूरा देश राष्ट्रीय संविधान दिवस मना रहा है। इसी कड़ी में आकाशवाणी रायपुर में भी संविधान दिवस पर प्रस्तावना का पाठन किया गया। पूरा परिसर संविधान के मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा।
आकाशवाणी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में क्लस्टर व केंद्र प्रमुख श्री संजय कुमार मिश्रा, कार्यक्रम प्रमुख श्री महेंद्र साहू व केंद्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
क्या है संविधान दिवस ?
साल 1949 में 26 नवंबर को ही संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था। 2 साल 11 महीने 18 दिन की लंबी मेहनत के बाद देश को उसका लिखित संविधान मिला। 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया।
संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद थे और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में ही संविधान का मसौदा तैयार हुआ, इसलिए उन्हें संविधान निर्माता कहा जाता है।
संविधान की प्रस्तावना में साफ लिखा है – हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाएंगे। हर नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता मिलेगी। यही हमारे संविधान की आत्मा है।
क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस ?
संविधान दिवस मनाने की शुरुआत 2015 में हुई। इसके बाद से हर साल 26 नवंबर को देशभर में स्कूल, कॉलेज, दफ्तरों और संस्थानों में प्रस्तावना का पाठन होता है। लोग संविधान को पढ़ते हैं, समझते हैं और उसके मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेते हैं।
संविधान हमें सिर्फ अधिकार नहीं देता, कर्तव्य भी सिखाता है। बोलने की आजादी, धर्म की आजादी, समानता का अधिकार – ये सब संविधान की ही देन है। साथ ही देश की एकता, अखंडता और संविधान का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
आकाशवाणी रायपुर में वक्ताओं ने कहा कि आकाशवाणी का दायित्व है कि वह संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाए। रेडियो के माध्यम से संविधान की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है।
आज के समय में संविधान दिवस का महत्व और बढ़ गया है। युवा पीढ़ी को संविधान के बारे में जानना जरूरी है। जब तक जनता संविधान को समझेगी नहीं, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा।
इसलिए इस संविधान दिवस पर एक ही संकल्प लें – संविधान को पढ़ें, संविधान को समझें और संविधान के रास्ते पर चलें। क्योंकि संविधान बचेगा, तभी देश बचेगा।



