RO.NO. 01
खेल

“धोनी अब मैदान पर नहीं दिखेंगे”, गावस्कर के बयान से क्रिकेट जगत में चर्चा तेज

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है औरचेन्नई सुपर किंग्स के लिए अगला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। सोमवार शाम चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मैच में हार टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका दे सकती है। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि धोनी इस अहम मुकाबले में मैदान पर उतर सकते हैं। हालांकि पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इन अटकलों को ज्यादा महत्व नहीं दिया है। उनका कहना है कि इतने लंबे समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बाद सीधे इतने महत्वपूर्ण मैच में उतरना टीम के लिए जोखिम भरा फैसला हो सकता है। धोनी इस पूरे सीजन में चोट के कारण मैदान से बाहर रहे हैं। शुरुआती मुकाबलों में चेन्नई का प्रदर्शन कमजोर रहा, लेकिन दूसरे चरण में टीम ने शानदार वापसी कर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी अब फिट हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने जीतने वाले संयोजन में बदलाव नहीं किया है। चेपॉक में होने वाले इस मुकाबले से पहले यह चर्चा भी तेज है कि धोनी अपने आईपीएल करियर का आखिरी मैच खेल सकते हैं। लेकिन गावस्कर का मानना है कि मौजूदा स्थिति में ऐसा होना मुश्किल दिखाई देता है। जियोस्टार पर बातचीत के दौरान गावस्कर ने कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यह मुकाबला चेन्नई के लिए “करो या मरो” जैसा है। ऐसे समय में टीम को उन्हीं खिलाड़ियों की जरूरत है जो लगातार मैच खेल रहे हों और पूरी तरह फिट हों। उन्होंने आगे कहा कि धोनी हमेशा टीम को प्राथमिकता देते हैं और संभवतः वह ऐसा कोई फैसला नहीं लेंगे जिससे टीम का संतुलन प्रभावित हो। अगर धोनी इस मैच में खेलते हैं तो यह काफी चौंकाने वाला कदम होगा। फिलहाल सभी की निगाहें चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं और फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि क्या एक बार फिर “थाला” चेपॉक के मैदान पर नजर आएंगे या नहीं।
Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button