RO.NO. 01
खेल

BCCI का बड़ा कदम: खिलाड़ियों के लिए ब्रोंको टेस्ट के नियम बदले, फिटनेस पर बढ़ी सख्ती

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने और उसे बरकरार रखने के लिए अब खिलाड़ियों को पहले से अधिक कड़ी फिटनेस परीक्षा से गुजरना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए ब्रोंको टेस्ट के मानकों को और कठिन बना दिया है। नए नियमों के तहत खिलाड़ियों को अब तय समय के भीतर दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि पहले की तुलना में समय सीमा काफी कम कर दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अब खिलाड़ियों को 1200 मीटर की दौड़ 5 मिनट 15 सेकंड से 5 मिनट 20 सेकंड के भीतर पूरी करनी होगी। पहले इसके लिए 6 मिनट का समय निर्धारित था। वहीं 2 किलोमीटर (2K) दौड़ के लिए भी 9 से 10 मिनट की समय सीमा तय की गई है।

यो-यो टेस्ट की जगह ब्रोंको टेस्ट पर जोर

पहले खिलाड़ियों की फिटनेस जांच के लिए यो-यो टेस्ट का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब BCCI ने ब्रोंको टेस्ट को प्राथमिक फिटनेस परीक्षण बना दिया है। बोर्ड का मानना है कि यह टेस्ट खिलाड़ियों की वास्तविक फिटनेस और मैच फिटनेस का बेहतर आकलन करता है।

चोटों को देखते हुए लिया गया फैसला

बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ने खिलाड़ियों में बढ़ती चोटों और गिरते फिटनेस स्तर को देखते हुए यह फैसला लिया है। साथ ही टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए नए न्यूनतम फिटनेस मानदंड (बेस पैरामीटर्स) भी तय किए गए हैं।

फिटनेस नियमों में नहीं होगी ढील

BCCI सूत्रों के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान फिटनेस मानकों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था और कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों को अपेक्षाकृत आसान लक्ष्य दिए गए थे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि टीम मैनेजमेंट के अनुरोध पर हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी को पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद खेलने की अनुमति दी गई थी।

हर्षित राणा के लिए तय किया गया नया लक्ष्य

इंग्लैंड दौरे के दौरान तेज गेंदबाज हर्षित राणा को बीच में ही भारत वापस भेजा गया था। उस समय उनका वजन निर्धारित सीमा से अधिक बताया गया था। टीम मैनेजमेंट के अनुसार उनका वजन 97 किलोग्राम था। अब CoE ने उनके लिए 96 किलोग्राम से कम वजन बनाए रखने का लक्ष्य तय किया है। फिलहाल उनका वजन 94 किलोग्राम बताया जा रहा है और अगले सप्ताह तक उन्हें पूरी तरह फिट घोषित किए जाने की संभावना है। BCCI के इस फैसले के बाद अब टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को न केवल शानदार प्रदर्शन करना होगा, बल्कि कड़े फिटनेस मानकों पर भी खरा उतरना होगा।
Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button