तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में डिलीवरी बॉय की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर बाईपास रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार डिलीवरी बॉय को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा चुरैला नाले के पास हुआ। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मृतक हेलमेट पहने हुआ था, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक की पहचान विकाश देवांगन के रूप में हुई है, जो डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताई है और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।




