RO.NO. 01
खेलदेश

अभिषेक शर्मा ने मचाया तहलका, सबसे तेज T20I सेंचुरी जड़कर तोड़े कई रिकॉर्ड

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अभिषेक ने महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने रोहित शर्मा का 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया गया 35 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

30 गेंदों में शतक, अफगान गेंदबाजों पर बरसे

अभिषेक ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार बड़े शॉट लगाए। उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 16 गेंदों में पूरा किया और इसके बाद अगले 14 गेंदों में 50 रन बनाकर शतक पूरा कर लिया। उनकी पूरी पारी 34 गेंदों में 108 रन पर समाप्त हुई, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे।

इससे पहले सीरीज के पहले मुकाबले में अभिषेक ने 32 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने 19 गेंदों पर 39 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा का 9 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

रोहित शर्मा ने दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल शतक लगाया था। अभिषेक ने अब इस रिकॉर्ड को 5 गेंद कम में पूरा करते हुए भारत के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

टी20 इंटरनेशनल इतिहास में तीसरा सबसे तेज शतक

अभिषेक का 30 गेंदों में लगाया गया शतक पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का तीसरा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज शतक साहिल चौहान ने 27 गेंद और मुहम्मद फहाद ने 29 गेंदों में लगाया है। साथ ही अभिषेक टेस्ट खेलने वाले देशों के बल्लेबाजों में सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

पावरप्ले में भी बनाया नया रिकॉर्ड

अभिषेक ने पावरप्ले में भी शानदार रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने शुरुआती छह ओवरों में 76 रन बनाए, जो पुरुष टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के दौरान किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। भारत ने भी इस दौरान 100 रन बनाकर अपना सर्वश्रेष्ठ टी20 इंटरनेशनल पावरप्ले स्कोर दर्ज किया।

अभिषेक की इस तूफानी पारी ने भारत-अफगानिस्तान के तीसरे टी20 मुकाबले को यादगार बना दिया और उनके नाम कई नए रिकॉर्ड दर्ज हो गए।

 

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button