RO.NO. 01
देश

महिला आरक्षण को लेकर बड़ा कदम, परिसीमन के बाद 50% तक बढ़ सकती हैं सीटें

Ro no 03

नई दिल्ली। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी-एसपी ने शुक्रवार को अपने लोकसभा सांसदों के लिए थ्री-लाइन व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय कार्यवाही के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।

शिरूर से सांसद और पार्टी के चीफ व्हिप डॉ. अमोल रामसिंह कोल्हे की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी सांसद सोमवार, 30 नवंबर से शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 तक लोकसभा की कार्यवाही में मौजूद रहें। पार्टी ने इसके पीछे सदन में अत्यंत महत्वपूर्ण कामकाज होने का हवाला दिया है। हालांकि, व्हिप में किसी विशेष विधेयक या मतदान को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए हैं।

एनसीपी-एसपी का यह कदम ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार ने कैबिनेट बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया है कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर और राज्यसभा सभापति से 2 दिसंबर को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है, ताकि महत्वपूर्ण सरकारी कामकाज निपटाए जा सकें।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार, जरूरत के मुताबिक ये बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं। यह कोई नया संसदीय सत्र नहीं, बल्कि मानसून सत्र का विस्तार है, जिसे 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

परिसीमन पर एनसीपी-एसपी का रुख क्या है?

परिसीमन को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के बीच एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने संकेत दिया है कि यदि सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जाती है, तो उनकी पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए तैयार है।

सुले के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले भी प्रत्येक राज्य में संसदीय सीटों को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि यदि सभी राज्यों को समान अनुपात में सीटें मिलती हैं, तो इस पर विचार करने में कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण लागू किए बिना परिसीमन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़नी चाहिए।

बढ़ती आबादी के हिसाब से छोटे निर्वाचन क्षेत्र जरूरी: सुले

सुप्रिया सुले ने निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की बढ़ती संख्या को परिसीमन की जरूरत का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने अपने बारामती लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां मतदाताओं की संख्या पहले 10 से 12 लाख थी, जो अब बढ़कर करीब 20 से 22 लाख हो गई है। देश के कई अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 25 से 40 लाख तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी तक पहुंचना और उनकी समस्याओं का समाधान करना किसी भी सांसद के लिए चुनौतीपूर्ण है। वर्तमान में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के तहत मिलने वाली 5 करोड़ रुपये की राशि से इतनी बड़ी आबादी की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल है। सुले ने बेहतर प्रतिनिधित्व, प्रशासन और स्थानीय विकास के लिए छोटे निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकता पर जोर दिया।

वहीं, सुप्रिया सुले ने एनसीपी-एसपी के भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने या अजित पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट के साथ फिर से एकजुट होने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन पर चर्चा के लिए पार्टी का तैयार होना किसी राजनीतिक गठबंधन में बदलाव का संकेत नहीं है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button