RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निवेश की बड़ी छलांग! सिंगापुर से आए ₹43,600 करोड़ के प्रस्ताव, बनेगा ₹350 करोड़ का हब

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में कई अहम उपलब्धियां मिलीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित करने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव के साथ सिंगापुर यात्रा के दौरान मिले एफडीआई प्रस्तावों का कुल आंकड़ा बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गया।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। इसके अलावा 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे युवा

छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ है। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां संचालित उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल की जानकारी भी ली।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल से छत्तीसगढ़ में भी युवाओं के लिए उद्योग आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि निवेश के साथ कुशल मानव संसाधन भी जरूरी है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रदेश में ही बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

₹350 करोड़ से बनेगा एग्रो और फूड प्रोसेसिंग हब

सिंगापुर की Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में करीब ₹350 करोड़ के निवेश की रुचि दिखाई है। कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने की योजना पर काम करेगी।

प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर कृषि उपज का मूल्य संवर्धन होगा और किसानों को नए बाजार मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से निवेश और तकनीक पर चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन के साथ मुलाकात में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग छत्तीसगढ़ के विकास में करने की संभावनाओं पर भी विचार हुआ।

15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों से निवेश पर बातचीत

सीईओ राउंडटेबल के दौरान मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल थीं।

बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और कारोबारी माहौल की जानकारी दी।

AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं की स्किलिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के समापन के साथ प्रदेश को निवेश के अलावा कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के क्षेत्र में नए अवसर मिलने की उम्मीद है। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button