RO.NO. 01
देश

कैंसर के इलाज के लिए बागेश्वर धाम में बनेगा बड़ा अस्पताल, विदेशों से आएंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में गरीब और जरूरतमंद कैंसर मरीजों के लिए 100 बिस्तरों वाला अस्पताल तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित अस्पताल का नाम ‘बालाजी सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट’ रखा जाएगा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अस्पताल की योजना से जुड़ी जानकारी साझा की है।

करीब 25 एकड़ जमीन में बन रहे इस कैंसर अस्पताल की अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये बताई गई है। निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है और इसे 2027 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

3 किलोमीटर की बाउंड्रीवाल पूरी

अस्पताल परिसर के चारों ओर करीब 3 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं मुख्य भवन समेत अन्य निर्माण कार्य फिलहाल जारी हैं। योजना के तहत अस्पताल में कैंसर के आधुनिक इलाज और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

मरीजों के इलाज के साथ रहने-खाने की सुविधा

संस्थान में गरीब और जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क इलाज करने की बात कही गई है। मरीजों को चिकित्सा सुविधाओं के साथ दवाइयां, रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है। अस्पताल में जर्मनी और इंग्लैंड के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं लिए जाने की जानकारी दी गई है।

कथा और दान से जुटाया जाएगा फंड

अस्पताल के निर्माण और संचालन के लिए धनराशि कथाओं से प्राप्त राशि और दानदाताओं के सहयोग से जुटाने की बात कही गई है। अस्पताल शुरू होने से पहले ही बागेश्वर धाम जनसेवा समिति और डॉ. तरंग कृष्ण के मार्गदर्शन में कैंसर परामर्श एवं हीलर सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां मरीजों को रियायती दरों पर चिकित्सा सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

अस्पताल के शुरू होने के बाद क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद कैंसर मरीजों को इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button