भजन क्लबिंग में PM मोदी का दिखा अलग अंदाज, जेन-जी के बीच वायरल हुआ वीडियो

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार शाम एक अलग अंदाज देखने को मिला। वे दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में जेन-जी युवाओं के बीच पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। इस दौरान प्रधानमंत्री भक्ति गीतों की धुन पर ताली बजाते और खंजरी बजाते दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “क्या इसे देखते हुए आपने अपने पैर थपथपाए?” वीडियो में पीएम मोदी मंच के सामने दर्शकों के बीच बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि मंच पर गायक और संगीतकार भक्ति गीत प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री पूरे भक्ति भाव के साथ तालियां बजाते दिखाई देते हैं।
क्या है ‘भजन क्लबिंग’?
‘भजन क्लबिंग’ युवाओं, खासकर जेन-जी के बीच उभरता हुआ एक आध्यात्मिक ट्रेंड है। इसमें पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक संगीत और प्रस्तुति के अंदाज के साथ पेश किया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक भक्ति संगीत से आधुनिक तरीके से जोड़ना है।
शुक्रवार को यह कार्यक्रम भारतीय जनसंघ के नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के सबसे निचले तबके के व्यक्ति के उत्थान को राष्ट्र निर्माण का आधार माना और ‘अंत्योदय’ का दर्शन दिया।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने तथा सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा करने के संकल्प को दोहराने का आह्वान भी किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था। वे भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में शामिल थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विचारक के रूप में भी जाने जाते हैं। उन्होंने 1940 के दशक में ‘राष्ट्र धर्म’ नामक मासिक पत्रिका की शुरुआत की थी।



