कनाडा में ट्रेनिंग फ्लाइट हादसे का शिकार, दो भारतीय छात्रों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली। कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तमिलनाडु निवासी मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी निवासी श्रीशरण थिरुग्नानासम्बंदम के रूप में हुई है। दोनों युवा पायलट बनने के लिए फ्लाइट ट्रेनिंग ले रहे थे और हादसे के समय नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर थे।
भारतीय दूतावास ने जताया गहरा दुख
हादसे की पुष्टि वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दोनों छात्रों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मिशन ने कहा कि वह इस दुखद घटना से बेहद व्यथित है और मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करता है।
परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह दोनों छात्रों के परिजनों के साथ खड़ा है। अधिकारियों ने स्थानीय कनाडाई प्रशासन के साथ संपर्क स्थापित किया है और आवश्यक कांसुलर एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
दूतावास की ओर से दोनों छात्रों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित कनाडाई अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी और जांच से जुड़े तथ्यों का इंतजार है।



