नवा रायपुर में सजेगी तीज उत्सव की रंगत
नवा रायपुर में 22 सितंबर को होगा भव्य तीज मिलन उत्सव, सीएम साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे शामिल

रायपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक तिहारों और छत्तीसगढ़िया अस्मिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवा रायपुर में भव्य ‘तीज मिलन उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में यह कार्यक्रम 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि ये आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। तीज मिलन उत्सव का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति की मिठास को साझा करना तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।
उत्सव में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, लोक-संस्कृति और तीजा पर्व की परंपराओं का विशेष संगम देखने को मिलेगा। आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने का संदेश दिया जाएगा।


