रायपुर में ITMS के सुचारू संचालन पर मंथन, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक

रायपुर। राजधानी की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को आधुनिक बनाने और इसका दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी दिशा में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में ITMS के संचालन, रखरखाव, लंबित वित्तीय दायित्व, तकनीकी उन्नयन और नई सड़कों व प्रमुख जंक्शनों तक इसके विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ITMS से जुड़े लंबित वित्तीय दायित्वों की समीक्षा की गई। साथ ही सिस्टम के नियमित संचालन और रखरखाव के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर भी अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने प्रभावी संचालन के लिए वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
कैमरों और तकनीकी संसाधनों को किया जाएगा अपग्रेड
ITMS के तहत लगाए गए कैमरों, उपकरणों, सर्वर और सॉफ्टवेयर को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप अपग्रेड करने पर भी बैठक में चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि सिस्टम को आधुनिक तकनीक से लैस करने से यातायात प्रबंधन, निगरानी और ट्रैफिक नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
नई सड़कों और जंक्शनों तक बढ़ेगा ITMS का दायरा
बैठक में राजधानी की नई सड़कों, प्रमुख कॉरिडोर और महत्वपूर्ण जंक्शनों तक ITMS का विस्तार करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इसके लिए आवश्यक तकनीकी और वित्तीय संसाधनों का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से विस्तार की दिशा में काम करने पर विचार किया गया।
दीर्घकालिक वित्तीय रोडमैप बनाने पर जोर
अधिकारियों ने ITMS के संचालन, रखरखाव, तकनीकी उन्नयन और भविष्य में विस्तार के लिए दीर्घकालिक वित्तीय रोडमैप तैयार करने की आवश्यकता पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य सिस्टम का सुचारू और सतत संचालन सुनिश्चित करने के साथ राजधानी की यातायात निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करना है।
बैठक में डीजीपी अरुण देव गौतम, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, एडीजीपी दीपांशु काबरा, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार, रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



